आगरा। वाराणसी के लिए वंदे भारत ट्रेन सोमवार शाम को आगरा कैंट स्टेशन से रवाना हो गई। ट्रेन का शुभारंभ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। 7.40 घंटे में वंदे भारत ट्रेन वाराणसी पहुंच जाएंगी। पहले दिन ट्रेन में निशुल्क यात्रा रखी गई है। 200 स्कूली बच्चों सहित 800 यात्री फ्री में सफर कर रहे हैं। हर कोच फुल है।
वंदे भारत ट्रेन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से सोमवार शाम 4.16 बजे रवाना हुई। आगरा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री के वर्चुअली शुभारंभ के बाद आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने वंदे भारत उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

कैंट से वाराणसी जाने वाली ट्रेन का नंबर 20175 है। वाराणसी से लौटने वाली ट्रेन का नंबर 20 176 है। प्रदेश में अभी आठ वंदे भारत ट्रेन चल रही थीं। आगरा वाराणसी ट्रेन चलने से उनकी संख्या नौ हो गई है।












