आगरा। खेरागढ़ पुलिस व एसओजी ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। दो तस्करों के पास से .32 बोर की 11 पिस्टल और थार कार बरामद हुई है। थार में फर्जी नंबर प्लेटें भी मिली हैं। इससे कार चोरी की होने की आशंका जताई जा रही है।
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बताया कि खेरागढ़ थाना पुलिस, पश्चिम जोन की एसओजी ने सर्विलांस सेल की मदद से गुरुवार रात सहपऊ बार्डर पर स्थित पुलिया के पास से थार कार में सवार उदयवीर सिंह निवासी कंजौली थाना सादाबाद हाथरस व यश शर्मा निवासी गोशाला मोहल्ला, निहालगंज धौलपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान कार से .32 बोर की 11 अवैध आटोमेटिक पिस्टल और 10 अतिरिक्त मैगजीन बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के खरगौन से पिस्टल लेकर आते थे। इन पिस्टलों को आगरा, हाथरस सहित आसपास के जिले, एनसीआर व राजस्थान में 25 से 30 हजार रुपये में बेचते थे। आरोपितों के पास से बरामद हुई कार में अलग-अलग नंबरों की चार नंबर प्लेट मिली हैं। गिरफ्तार आरोपित आगरा सहित आसपास के जनपदों और राजस्थान में हथियारों की सप्लाई करते थे। आरोपितों के मोबाइल फोन में कुछ संदिग्ध नंबर और चैट भी पुलिस को मिली है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।











