आगरा। शनिवार सुबह थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के गांव कोंध में जमीन विवाद को लेकर जमकर लाठी डंडे चले। दोनों पक्षों के करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट में भर्ती कराया है।
कौध निवासी हाकिम सिंह की दो शादियां हुई हैं। पहली पत्नी प्रेमवती से नंदकिशोर और तेज सिंह दो संतान हुई। प्रेमवती की मृत्यु पर दूसरी शादी छोटी बहन शांति से हो गई। शांति के हरिशंकर और हरवीर हुए। नंदकिशोर का आरोप है कि हरवीर ने उसके पशुओं को बाड़े से खोल दिया। वही हरवीर का आरोप है कि नंदकिशोर ने कूड़ा उसके मकान की तरफ डाल दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे कुल्हाड़ी लेकर आमने-सामने आ गए। एक पक्ष से नंदकिशोर पुत्र हाकिम सिंह, शीला देवी पत्नी जितेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह पुत्र हाकिम सिंह व दूसरे पक्ष से मनीषा देवी पत्नी हरिशंकर, शांति देवी पत्नी हाक़िम सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।











