आगरा। मंगलवार शाम को थाना बसई अरेला क्षेत्र के अरनोटा मार्ग स्थित लड़ौआ पुरा भट्टे के पास सड़क पार कर रही महिला को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के द्वारा ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया है।
बसई अरेला क्षेत्र के गांव नगला भरी निवासी राजेश सिंह अपनी पुत्री के यहां धौलपुर जा रहे थे। कार में विजय गढ़ी निवासी पड़ोस के ही पप्पू, विक्रम, भुल्ले और अन्य एक व्यक्ति शामिल था। अरनोटा मार्ग स्थित लड़ौआ पुरा भट्टे के पास सड़क पार कर रही महिला को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसा होने के बाद गाड़ी में चीख-पुकार मच गई। हादसा होता देख क्षेत्रीय लोगों ने भी दौड़ लगाई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कार सवार लोग बुरी तरीके से घायल हो गए।











