आगरा। अस्थाई रूप से चौकी संभाल रहे दरोगा को एक होटल में कमरा नहीं मिला तो वह बौखला गया। होटल मालिक को मिट्टी में मिलाने की धमकी दी। इतना ही नहीं चौकी इंचार्ज के लिए भी अपशब्द बोले। मामले में ऑडियो वायरल हो गया है। ऑडियो वायरल होने के बाद डीसीपी सिटी ने दरोगा राजीव कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।
आवास विकास चौकी के प्रभारी शक्ति राठी दस दिन की छुट्टी पर हैं। थाने में तैनात दरोगा राजीव कुमार सिंह को अस्थाई रूप से चौकी का प्रभार दिया गया है। चौकी के पास में ही होटल ग्वाल बाबा है। दरोगा राजीव कुमार सिंह को होटल में कमरा चाहिए था। उन्होंने होटल कर्मचारी समझकर मालिक रामू को फोन मिला दिया। उन्हें धमकाया। होटल मिट्टी में मिलाने की धमकी दी। मैनेजर को तत्काल पास भेजने को कहा। होटल मालिक को गालियां सुनाईं। चौकी इंचार्ज शक्ति राठी के लिए भी अपशब्द बोले। कहा कि उन्हें पहले वाले जैसा नहीं समझें। वह दूसरे टाइप के हैं। होटल मालिक की दरोगा से करीब पांच मिनट फोन पर बातचीत हुई। ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में दरोगा की आवाज लड़खड़ा रही है। वह यह तक बोल रहे थे कि रातभर का टाइम है हटवा सकता है, हटवा दे। देखूं कितनी सिफारिश है। ऑडियो वायरल होने के बाद विभाग की किरकिरी हो रही है। डीसीपी सिटी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है।










