आगरा। रकाबगंज थाना क्षेत्र के ईदगाह रेलवे स्टेशन के पास एस्सार रेस्टोरेंट में सोमवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। रेस्टोरेंट में ठहरे 17 लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने रेस्टोरेंट से 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकला। एक घंटे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
घटना सुबह 5:40 बजे की है। ईदगाह रेलवे स्टेशन के पास कटघर स्थित रेस्टोरेंट एवं होटल के आगंतुक काउंटर के पास तारों की लाइन में शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे होटल के अंदर धुंआ भर गया। होटल के कर्मचारियों ने आग को अपने स्तर से काबू करने का प्रयास किया। तब तक धुंआ पूरे होटल के अंदर फैल चुका था। वहां ठहरे 17 लोग गहरी नींद में थे। आग लगने की जानकारी होने पर वहां ठहरे लोगों में अफरातफरी और दहशत फैल गई। वह कमरों में सामान छोड़कर भागने लगे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो दमकल आग को काबू करने में जुट गई जिससे कि आग होटल के ऊपरी हिस्से तक नहीं पहुंच सके। दमकल कर्मियों ने लोगों को करीब आधा घंटे प्रयास के बाद सकुशल बाहर निकाला। कई को छत के रास्ते सकुशल बाहर निकाला। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह ने आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया है। वहां ठहरे सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया था।











