आगरा। फतेहाबाद के एक गांव में जमीन के लेनदेन को लेकर हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह खून से लथपथ शव चारपाई पर मिलने के बाद हत्या की जानकारी हो सकी। सूचना पर एसीपी और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के भाई के अनुसार, प्रेमवीर सिंह ने अपने मकान के पास स्थित अपने हिस्से की जमीन करीब चार-पांच माह पहले कछपुरा निवासी हरेंद्र सिंह को लगभग पांच लाख रुपये में बेची थी। बाद में परिवार के लोगों के कहने पर प्रेमवीर जमीन वापस लेना चाहता था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। स्वजन ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताया है।
मंगलवार रात प्रेमवीर अपने भतीजे हरवीर सिंह को बाइक से ट्यूबवेल पर सोने के लिए छोड़ने गया था। इसके बाद वह अपने खेत की ओर चला गया। गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेत को बटाई पर करने वाले लालाराम कुशवाहा वहां पहुंचे तो चारपाई पर प्रेमवीर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उन्होंने तत्काल परिवार को सूचना दी। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।











