आगरा। ताजमहल पर उस समय भगदड़ मच गई जब मधुमक्खियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पर्यटकों को कुछ समय के लिए दहशत में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि परिसर में मौजूद मधुमक्खियों का छत्ता टूट गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बेकाबू होकर पर्यटकों की ओर उड़ने लगीं। देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही मधुमक्खियों का झुंड पर्यटकों की ओर बढ़ा, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई पर्यटक रुमाल, दुपट्टा, कपड़ा और हाथों से अपना चेहरा ढककर खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए। कुछ लोग जमीन की ओर झुक गए, तो कुछ खुले स्थान से दूर भागते दिखाई दिए। इस अचानक हुई घटना से कुछ देर के लिए पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के दौरान ताजमहल घूमने आए देशी-विदेशी पर्यटक काफी घबराए हुए दिखाई दिए। सुरक्षा कर्मियों और मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पर्यटक मधुमक्खियों से बचने के लिए भागते, चेहरे ढकते और घबराए हुए नजर आ रहे हैं।











