आगरा। सिकंदरा सब्जी मंडी के पास नाला निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूर दब गए। इनमें से दो की मौत हो गई है।
औद्योगिक क्षेत्र में पेट्रोल पंप के बगल में खुदाई का कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है अचानक मिट्टी ढह गई, जिससे तीन मजदूर नीचे दब गए। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रहागीरों ने दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला। मिट्टी के नीचे दबे मजदूरों की पहचान अनुज निवासी मुजफ्फरनगर, विकास और सुशील के रूप में हुई। घटना के समय साथ में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और तीनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने अनुज और विकास को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे मजदूर सुशील का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि नाला निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया था, जिसके कारण मिट्टी धंस गई। पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। हादसे के बाद ठेकेदार मौके से फरार बताया जा रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।










