आगरा। सदर क्षेत्र में मेट्रो निर्माण के दौरान मलवा गिरने से एक महिला घायल हो गई। महिला अपने बेटे-बेटी और नाती के साथ वहां से गुजर रही थी। अन्य लोग हादसे में बाल बाल बचे।
कमल विहार की रहने वाली सीमा अपने परिवार के साथ अल्लाह बख्श चौराहे से गुजर रही थी। इसी दौरान उनके ऊपर पिलर का काम कर रहे कर्मचारियों की ओर से मलवा नीचे गिराया गया, जो सीधे सीमा के ऊपर आ गिरा। उनके चोट आई जबकि परिवार में बाकी के लोग बाल बाल बच गए। सीमा का आरोप है कि मेट्रो निर्माण के दौरान मौके पर कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था। काम वाली जगह पर बैरिकेडिंग भी नहीं की गई थी और नीचे से गुजर रहे लोगों को भी नहीं रोका गया। हादसे के बाद परिवार के लोग दहशत में हैं। महिला ने सदर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर भी दी। एसीपी अमीशा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान हुई लापरवाही की जांच की जा रही है।










