आगरा। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (UGC) के नियमों में किए गए बदलाव को लेकर बुधवार दोपहर दीवानी चौराहे पर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। शाम के समय संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर कैंडल मार्च भी निकाला गया।
अधिवक्ता दोपहर दो बजे दीवानी परिसर से जुलूस के रूप में दीवानी चौराहा स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे। यहां यूजीसी के नियमों में किए गए बदलाव को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने कहा यूजीसी में किया गया संशोधन समाज में विघटन पैदा करने वाला एवं सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न करने वाला है। इस संशोधन से समाज के लोगों के मध्य खाई और चौड़ी होगी। उन्होंने कहा कि संशोधन को वापस लिया जाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को कुर्सी पर रहने का अधिकार नहीं है। उनके प्रदर्शन के दौरान एमजी रोड पर जाम भी लग गया।











