आगरा। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी शनिवार को आगरा आए। फतेहपुर सीकरी विधानसभा के कई गांव में उन्होंने सभा के माध्यम से किसान और आम लोगों को जोड़ने का काम किया। जयंत चौधरी बोले- किसान और संगठन मिलकर काम करेगा, तो संगठन को मजबूती मिलेगी। हम सब एक होकर काम करेंगे।
मिशन 2024 के मद्देनजर पार्टी जो तैयारियां कर रही है उस पर आरएलडी की नजर आगरा की दोनों सीटों पर है। खास कर फतेहपुरसीकरी लोकसभा पर। आज जयंत चौधरी ने सात गांवों का दौरा किया और कल वह और गांवों का दौरा करेंगे। आज जहां उन्होंने दौरा किया उसमें कीठम, कासौटी, अरसेना रैपुरा अहीर, मंगुर्रा, जनूथा और अछनेरा में समरसता कार्यक्रम के जरिए लोगों के भाईचारा बढ़ाने की अपील की तो वहीं कल यानी 28 मई को इटौरा, जारुआ कटरा, धनौली, खाल खलउआ, मिढ़ाकुर, सुनारी, बमरौली कटारा और कबीस में समरसता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
पत्रकारों से बात करते हुए जयंत चौधरी ने संसद भवन के उद्घाटन पर कहा कि राष्ट्रपति सर्वोच्च हैं। मोदी जी ने पत्थर पर अपना नाम लिखवाने के लिए राष्ट्रपति को नहीं बुलाया।
समरसता कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी नए तरह से सोचती हैं। हमेशा निरंतर कार्यक्रम चलाने होते हैं। जो पुरानी बातें हैं, वो दूर होती हैं। पार्टी का सोशल बेस बढ़ाने पर बोले, हमारी पार्टी जाटों तक सीमित नहीं है, मैं अपने कार्यक्रमों में जाटों का तो नाम भी नहीं लेता, ये लेबल थोपे जाते हैं। निजी तौर पर कभी जाति की बात नहीं करते। सभी लोगों को जोड़कर चलना है। कांग्रेस और अखिलेश के बीच मध्यस्थता करने पर उन्होंने कहा की कांग्रेस हमारा साझा दल है। राजस्थान में हम गठबंधन में हैं। अखिलेश जी गंभीर नेता हैं, किसी की मध्यस्थता की जरूरत नहीं है।











