लखनऊ। उत्तर प्रदेश बीजेपी में जल्द सांगठनिक बदलाव होने जा रहा है, जबकि यूपी बीजेपी संगठन के मुख्य रणनीतिकार महामंत्री संगठन सुनील बंसल का प्रमोशन हो सकता है। उनको राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन बनाया जा सकता है। इसके अलावा सुनील बंसल को कई राज्यों की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। यूपी में महामंत्री संगठन के पद पर आरएसएस की पृष्ठभूमि वाले नेता की तैनाती की जाती है। वहीं, बंसल का स्थान लेने के लिए झारखंड के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और राजस्थान के महामंत्री संगठन चंद्रशेखर के नाम की चर्चा तेज है।
यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नए व्यक्ति को मौका मिलना तय है। उधर सुनील बंसल ने अमित शाह, होसबोले दत्तात्रेय समेत कई दिग्गजों से मुलकात भी की है। हालांकि पार्टी के एक धड़े का मानना है कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले सुनील बंसल को यूपी से दिल्ली बुलाना पार्टी के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। वह अगर दिल्ली गए तो उनको 2023 में एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान जैसे चुनावी राज्यों की सांगठनिक कमान दी जा सकती है। वहीं, बंसल को यूपी की सांगठनिक जिम्मेदारी भी दी जाएगी। दरअसल बीजेपी सुनील बंसल को यूपी से एकदम अलग करने का जोखिम नहीं उठाएगी।
यूपी के महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने यूपी में 2014 लोकसभा चुनावों के दौरान अमित शाह के साथ यूपी संगठन को दुरूस्त करते हुए चुनावी रणनीति सेट की थी। यही नहीं, उन्होंने यूपी महामंत्री संगठन पद पर तैनाती से पहले एबीवीपी और आरएसएस में लंबे समय तक काम किया। सुनील बंसल ने 2014 लोकसभा चुनाव के बाद 2017 यूपी विधानसभा, 2019 लोकसभाचुनाव और फिर 2022 के विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत दिलाने का काम किया है। यूपी में 2014 से पहले पार्टी संगठन की स्थिति बहुत दयनीय थी, लेकिन सुनील बंसल ने बूथ स्तर पर संगठन के ढांचे को मजबूत किया। यही वजह है कि उनकी बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन पर मजबूत पकड़ मानी जाती है।











