आगरा। मोहर्रम के जुलूस के दौरान फिलस्तीन का झंडा लहराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई थी। इधर युवक को जैसे ही हवालात में डाला वह माफी मांगने लगा।
रविवार को अमन खान नाम की फेसबुक आईडी से वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो में एक युवक मोहर्रम के जुलूस में फिलस्तीन का झंडा लहराते दिखाई दे रहा था। वीडियो को एडिट कर उसपर ऊपर की तरफ फिलस्तीन के झंडे के निशान के साथ अंग्रेजी में मोहर्रम आगरा और नौ तारीख लिखी हुई थी। जानकारी के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। आरोपित की पहचान घाट तिराहा के नगला फतूरी के अमन के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। आरोपित को जानकारी होने पर उसने झंडा जलाकर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित को शांतिभंग की धाराओं में न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।











