आगरा। रविवार सुबह उटंगन नदी में नहाते समय तीन युवक डूब गए। स्थानीय लोगों ने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी बीच एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
फतेहाबाद के मोहल्ला जाटवान कला में रहने वाले मोनू, मनीष व लखन रविवार को गांव रिहावली में बन रही पानी की टंकी पर मजदूरी करने के लिए गए थे। सुबह तीनों पास में बह रही उटंगन नदी में नहाने के लिए चले गए। करीब नौ बजे अचानक तीनों युवक नदी में डूब गए। चीख पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे स्थानीय तैराकों ने लखन और मनीष को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। मोनू पानी में डूब गया। सूचना पर एसडीएम अभय सिंह, क्षेत्रीय विधायक छोटेलाल वर्मा व मोनू के स्वजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस व स्थानीय तैराकों ने नदी में मोनू की तलाश की। दोपहर एक बजे मोनू का शव नदी से मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोनू के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। मोनू का शव मिलते ही पत्नी सुधा देवी बेसुध हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मोनू अपने पीछे छह वर्षीय बेटी भावना, चार वर्षीय बेटा लवकुश व दो वर्षीय बेटी अवनी को छोड़ गया है।











