आगरा। बीएएमएस की कॉपियों की तरह एमबीबीएस की कॉपियों से भी छेड़छाड़ हुई है। कॉपियां बदलवाई गई हैं। 26 कॉपियों में हैंडराइटिंग अलग मिली है। यह सभी कॉपियां एफएच मेडिकल कॉलेज की हैं। मामले में एसपी सिटी के आदेश पर एक और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पिछले दिनों हरीपर्वत थाना पुलिस ने कॉपी बदलने के मामले में टेंपो चालक देवेंद्र को पकड़ कर जेल भेजा था। देवेंद्र के बाद डॉक्टर अतुल यादव, पुनीत और दुर्गेश भी जेल भेजे गए हैं। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीएएमएस की तरह एमबीबीएस की भी कॉपियां बदलवाई जाती हैं। एसपी सिटी के आदेश पर हरी पर्वत थाना पुलिस छलेसर एजेंसी पर पहुंची। एजेंसी पर कॉपी चेक की गई तो पता चला एफएच मेडिकल कॉलेज के 26 छात्रों की कॉपियों में हैंडराइटिंग अलग थी। पुलिस के द्वारा एजेंसी के एक कर्मचारी दीपक पर भी शक किया जा रहा है।
B.Ed का पेपर अंग्रेजी में आया, हंगामा
बुधवार सुबह B.Ed सेकंड ईयर की एनवायरमेंटल स्टडीज की परीक्षा थी। पेपर अंग्रेजी में आया। छात्रों ने जब उनसे हिंदी बाला पेपर मांगा तो कॉलेजों ने हाथ खड़े कर लिए। पता चला कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह पेपर अंग्रेजी में ही प्रकाशित कराया है। इसके बाद कॉलेजों में हंगामा हो गया। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह का कहना है कि पेपर निरस्त कर दिया गया है। इधर विशेष सचिव श्रवण कुमार सिंह भी आज विश्वविद्यालय में थे जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई तो वह भी काफी नाराज हुए।











