आगरा। आगरा में सोमवार की देर शाम कैंट रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पहुंचे। यहां वह 11 मिनट तक रुके। उन्होंने यात्रियों से बात करके रेलवे द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। रेल मंत्री के आने को लेकर अधिकारियों के बीच में खलबली मच गई।
ग्वालियर से नई दिल्ली तक विंडो ट्रेलिंग के दौरान शाम करीब 6:30 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2-3 पर आए। स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार करने वाले यात्रियों से बातचीत की। पूछा कि प्रतीक्षालय में व्यवस्थाएं कैसी हैं ? साफ-सफाई बेहतर है कि नहीं ? कामकाजी लोगों से पूछा कि क्या आप रोजाना ट्रेन से सफर करते हैं ? स्टेशन पर रेल नीर की बोतल लेकर खड़ी युवती से पूछा कि बोतल कितने रुपए की मिली। वो करीब 11 मिनट स्टेशन पर रुके। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रेल मंत्री की अगवानी के लिए डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल, स्टेशन मैनेजर राजेंद्र सिंह सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।











