आगरा। थाना सदर क्षेत्र स्थित आगरा कैंट नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरों ने एक महिला रेलकर्मी के सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर फ्रिज में रखी रबड़ी भी खाकर चले गए।
जी-8ए, आगरा कैंट नॉर्थ रेलवे कॉलोनी निवासी सोनम पांडे, जो आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के पार्सल विभाग में असिस्टेंट कमर्शियल के पद पर कार्यरत हैं, रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर चली गई थीं। उनके दोनों बच्चों को स्कूल भेज दिया गया था और उनकी बहन भी सुबह करीब 10 बजे घर से बाहर चली गई थीं। इस दौरान पूरा घर खाली था। दोपहर करीब 2 बजे जब सोनम पांडे की बहन घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर खुले हुए थे। सूचना मिलने पर सोनम पांडे भी मौके पर पहुंचीं। पीड़िता के अनुसार, चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, 5 हजार रुपये की नकदी, एक कीपैड मोबाइल फोन, भगवान के आभूषण और दान पेटी चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने फ्रिज खोला और उसमें रखी रबड़ी भी खा ली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने घर के अंदर काफी समय बिताया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े रेलवे कॉलोनी जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।










