आगरा। सोमवार को सिकंदरा थाना क्षेत्र के रुनकता कस्बे में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या करने के आरोपित युवक से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपित के पैर में गोली लगी है।
रुनकता के मोहल्ला व्यापारियान निवासी 72 वर्षीय फिरदौस पत्नी नवाब खान अपनी बेटी नसरीन के साथ घर के बाहर बैठी थीं। शाम करीब तीन बजे पड़ोसी इमरान पुत्र लीलो घर में घुसा और महिला को घसीटकर बाहर ले गया। घर से करीब 10 मीटर दूर ले जाकर इमरान ने चाकू से गला काटकर वृद्धा की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित चाकू लहराता हुआ मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की और मंगलवार रात उसे खड़वाई चौराहे के पास नहर पटरी से पकड़ लिया। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।











