आगरा। शास्त्रीपुरम क्षेत्र में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने रविवार को अपनी सांसद निधि से विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
ग्राम पंचायत बाईंपुर के मजरा चुचाईना स्थित उत्तम गिरी एक्सटेंशन तथा शास्त्री पुरम की कृष्ण कुंज कॉलोनी में प्रस्तावित इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन मार्गों के निर्माण से 25 वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान हुआ है। सांसद नवीन जैन ने बताया कि उत्तम गिरी एक्सटेंशन में दो सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें पहली सड़क 183 मीटर लंबी, तथा दूसरी सड़क 147 मीटर लंबी है। इन दोनों सड़कों की अनुमानित लागत 35 लाख रुपये है।इसी क्रम में शास्त्री पुरम स्थित कृष्ण कुंज कॉलोनी के 100 फुटा रोड पर 195 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया। इस कार्य पर लगभग 18 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। यह मार्ग कॉलोनी का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण स्थानीय नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सार्वजनिक मार्गों के निर्माण की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों में गहरी खुशी देखी गई। स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक सांसद का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान कॉलोनी की छोटी-छोटी बच्चियों ने थैंक यू नवीन अंकल कहकर अपने जनप्रतिनिधि के प्रति स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावनात्मक और आत्मीय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए सांसद का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर आरएसएस के अशोक कुलश्रेष्ठ, पूर्व पार्षद अमित अग्रवाल ग्वाला, युवा भाजपा नेता वैभव जैन, अनिल सारस्वत, अशोक गोयल, आर.बी. पाराशर, मदनलाल, अमित अग्रवाल तथा डॉ. आर.एस. शुक्ला, रवि सारस्वत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











