आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र से दो दिन से एक छात्र गायब है। छात्र के गायब होने की परिवारीजनों ने पुलिस को भी सूचना दे दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर हाथ पर हाथ रख कर बैठी हुई है। किशोर के नहीं मिलने को लेकर परिवारीजनों का रो रो कर बुरा हाल है, उन्हें अनहोनी की चिंता सता रही है।
गांव रसूलपुर में उदयवीर इंदौलिया अपने परिवार के साथ रहते हैं। उदयवीर इंदौरिया दूध का काम करते हैं। बुधवार को उनका बेटा इशांत इन्दौलिया उर्फ यीशु घर से बाहर किसी काम से गया था। काफी देर तक नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया, उसके नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर इतिश्री कर ली है। पिता उदयवीर सिंह ने बताया कि इशांत सातवीं कक्षा में पढ़ रहा है। वह 2 दिन से गायब है। परिवार के सभी लोगों को उसकी चिंता हो रही है।











