आगरा। छत्ता थाना क्षेत्र में आज सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद छुट्टन नाम के एक शातिर बदमाश को धर दबोचा। बदमाश के ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर के मुकदमे में भी वह आरोपी है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
थाना क्षेत्र में धर्मेंद्र उर्फ छुट्टन नाम के बदमाश का आतंक था। कल दिनदहाड़े छुट्टन ने रईस को चाकू मारकर घायल कर दिया था। छुट्टन के ऊपर कई मुकदमे दर्ज होने पर भी थाना पुलिस उसे नहीं पकड़ पा रही थी। यह देखकर अधिकारियों ने थाना पुलिस की फटकार लगाई थी। अधिकारियों की फटकार के बाद थाना पुलिस ने छुट्टन को पकड़ने के लिए दबिश दी। आज सुबह अंबेडकर पुल के पास से होकर वह गुजर रहा था। पुलिस वहां चेकिंग कर रही थी। पुलिस को देख छुट्टन ने पुलिसकर्मियों के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। छुट्टन के ऊपर लूट, हत्या का प्रयास, चोरी सहित 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। सवाल खड़े हो रहे हैं कि इतने शातिर अपराधी को अब तक क्यों छत्ता थाना पुलिस संरक्षण दे रही थी?













