आगरा। आज सुबह नेशनल हाईवे पर सिकंदरा मंडी के पास एक तेल से भरा टैंकर पलट गया। सड़क पर तेल फैलने से कई दुपहिया वाहन चालक फिसल गए और उन्हें चोट आई। एक कैंटर भी फिसल गया और रेलिंग से टकरा गया। तेल फैलने से कई घंटे तक यातायात बाधित रहा।
नेशनल हाईवे पर कानपुर की ओर जाने वाली लेन पर सिकंदरा मंडी के पास सुबह 10 बजे किसी वाहन से तेल की तरह का केमिकल सड़क पर गिर गया। इसी बीच एक ट्रक और उसके पीछे चल रहा कैंटर भी फिसल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कैंटर आगे चल रहे ट्रक से रगड़ता हुआ मेट्रो की बैरिकेडिंग से टकरा गया। इससे कैंटर की केबिन क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिकंदरा थाना और ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल चालक को अस्पताल भिजवाने के साथ ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को हटवाया। इस कारण हाईवे पर जाम लग गया। सड़क पर फिसलन होने के कारण पुलिस ने बैरियर लगाकर यातायात को कंट्रोल किया। ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो के निर्माण में जुटे कर्मचारियों और प्रेशर मशीन से सड़क की धुलाई कराई। मिट्टी और चूना सड़क पर डाला। इस बीच दोपहर तीन बजे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित होने से पांच घंटे तक जाम की स्थिति रही।











