आगरा। जगदीशपुरा थाने में एक हादसे की शिकायत करने पहुंचे पीड़ित की ही पुलिसकर्मी ने पिटाई लगा दी। पीड़ित की गलती सिर्फ इतनी थी उन्होंने पुलिसकर्मी से पेन और कागज मांगा था। पुलिसकर्मी ने पिटाई करने के बाद गालियां देते हुए उसे दुत्कार कर थाने से भगा दिया। मामले में पीड़ित ने शिकायत की है।
अलबतिया के रहने वाले दीपांशु राजपूत का कहना है कि गुरुवार को वे अपने भोजनालय से अवधपुरी रोड से सुभाष नगर के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक ट्रक पेड़ों और तारों को तोड़ता हुआ जा रहा था। एक तार टूटने के बाद उनकी गर्दन में फंस गया, जिसके कारण उन्हें गहरी चोट आई। ट्रक चालक की शिकायत करने के लिए वह अवधपुरी चौकी पर गए तो वहां उनसे कहा गया कि आप थाने चले जाइए। जब वह थाने गए तो वहां एक पुलिसकर्मी से उन्होंने इस बात की शिकायत की। पुलिसकर्मी ने कहा कि तुम चौकी पर पहुंचो। मैं वहीं आता हूं। फिर हम दोनों मिलकर ट्रक को खोजेंगे। पीड़ित चौकी पर पहुंचकर काफी देर तक पुलिस कर्मी का इंतजार करता रहा लेकिन पुलिसकर्मी नहीं आया। इसके बाद उन्होंने 112 पर शिकायत की। 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे फिर से थाने पर जाने के लिए कहा। जब वह वहां दोबारा पहुंचे तो एक पुलिसकर्मी को उन्होंने फिर से अपनी शिकायत बताई। पुलिसकर्मी ने कहा कि एक प्रार्थना पत्र लिखकर दे दो। जब उन्होंने उनसे कागज और पेन मांगा तो वह अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे और गालियां देने लगे। कहने लगे कागज भी घर से लेकर नहीं चलते हो। स्याही भी पुलिस की खर्च करोगे। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी और थाने से भगा दिया। इसी दौरान एक दरोगा आ गए और उन्हें लगा कि पीड़ित के साथ कुछ गलत हो रहा है। इसके बाद दरोगा जी ने एप्लीकेशन लिखवाई। पीड़ित ने शिकायत की है कि उसे गालियां देकर और पीटकर थाने से भगाया गया है। मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।











