आगरा। जगदीशपुरा में एक सैलून में काम करने वाले कर्मचारी ने चोरी के पैसों से अपने सपने पूरे किए। ब्रांडेड कपड़े खरीदने के साथ ही चैन, अंगूठी और महंगा मोबाइल खरीदा। इसके बाद दिल्ली, मुंबई में जाकर वहां पर बढ़िया होटल में खाना खाया और इमारतों को देखा। पुलिस गिरफ्तारी ना कर ले इसके लिए खाटू श्याम के दर्शन किए। लेकिन प्रार्थना पूरी नहीं हुई। इधर पुलिस की प्रार्थना कबूल हो गई और उसका दिन रात पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से पैसे से खरीदा गया सारा माल बरामद कर लिया है।
न्यू आगरा के रहने वाले बंटी वर्मा जगदीशपुरा के प्रताप नगर में अन्नू सैलून में कार्य करते हैं। सैलून काफी बड़ा है। रोजाना की कमाई भी अच्छी खासी है। 13 जुलाई को बंटी वर्मा सैलून के काउंटर में रखे तीन लाख 70 हजार चोरी कर फरार हो गया। मालिक अनूप कुमार ने थाना पुलिस से चोरी की शिकायत की और मुकदमा दर्ज कराया। मालिक को काफी तनाव में देखकर एसीपी लोहामंडी दीक्षा सिंह ने आश्वासन दिया कि चोर को पाताल से भी खोज निकालेंगे। एसीपी ने थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार और अलकापुरी चौकी प्रभारी योगेंद्र कुमार को चोर के पीछे लगाया। चौकी प्रभारी योगेंद्र कुमार ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोर बंटी वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने जो पैसे चोरी किए थे उनमें से एक लाख 80 हजार खर्च कर लिए हैं। सबसे पहले उसने 25 हजार का मोबाइल खरीदा, उसके बाद में वह रघु भाई बनना चाहता था उसके लिए 40,000 की सोने की चैन खरीदी, उसका सपना था कि वह जीवन में महंगे से महंगे कपड़े खरीदे। इसके लिए उसने शोरूम से ब्रांडेड कपड़े खरीदे। इसके बाद वह झांसी, दिल्ली और मुंबई में घूमना चाहता था और महंगे होटल में खाना खाना चाहता था। तीनों जगह पहुंच कर उसने वहां के स्मारकों का दीदार किया। इसके साथ ही महंगे होटलों में खाना खाया। बेटरों को भी हजारों रुपए टिप में दिए। कहीं पुलिस उसे पकड़ ना ले। इसके लिए वह खाटू श्याम के दर्शन करने चला गया। वहां से लौट कर आ ही रहा था कि पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस बोली हमने भी मन्नत मांगी थी तुम्हें पकड़ने के लिए। पुलिस ने उसके पास से एक लाख 90 हजार बरामद किए हैं, उसके अलावा मोबाइल, सोने की चेन, कपड़े भी बरामद किए हैं।











