आगरा। शनिवार को जिला जेल में रक्षाबंधन पर सुबह से ही अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बहनों की भीड़ लग गई। सभी ने उन्हें राखी बांधकर उनकी सलामती के लिए दुआ मांगी।
सुबह 6:00 बजे से ही भारी संख्या में महिलाएं जेल के बाहर पहुंच गई। यह सभी वह थीं जिनके भाई किसी न किसी मामले में जेल के अंदर बंद है। 7:00 बजे तक लंबी कतार लग गई। जेल प्रशासन ने भी राखी बांधने के लिए आई बहनों के लिए नाश्ते का इंतजाम किया। जेल में मोहर लगने के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी थे। भाइयों को राखी बांधते हुए कुछ महिलाएं भावुक भी हुई। इधर कैदियों के द्वारा जो राखी बनाई गई थी उसकी स्टॉल लगाई गई। इन राखियों को निरुद्ध महिला बंदियों ने तैयार किया था, जो बहन राखी लाना भूल गई थी उनके लिए स्टॉल पर 30 रुपये में राखी मिली।











