आगरा। शाहगंज में एक टेंट हाउस संचालक को गोली लग गई है। गोली लगने के बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई। गोली कैसे लगी पुलिस इस बात की जांच कर रही है।
अलीगढ़ निवासी बॉबी प्रकाश नगर में अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहते थे। वह फैक्ट्री में काम करते थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने टेंट हाउस खोला था। शुक्रवार रात वह अपनी पत्नी प्रीति और तीन बच्चों के साथ छत पर बने कमरे में सो रहे थे। रात में 1:30 और 2:00 के बीच में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी कि घर में से गोली चलने की आवाज आई है। इंस्पेक्टर शाहगंज जसवीर सिरोही फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। मौके पर बॉबी के सिर में गोली लगी हुई थी। पुलिस और परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर जसवीर सिरोही ने बताया कि गोली कैसे लगी है इस बात की जांच की जा रही है।











