आगरा। ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) में औद्योगिक विकास को गति देने और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में सोमवार को ताज ट्रैपेजियम जोन प्रदूषण प्राधिकरण की 69वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा और मथुरा की कुल 10 औद्योगिक इकाइयों को स्थापना अथवा विस्तार के लिए सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया। इनमें आगरा की सात और मथुरा की तीन औद्योगिक इकाइयां शामिल हैं।
बैठक में औद्योगिक विकास के प्रस्तावों पर विचार करने के साथ ही टीटीजेड क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण, ठोस कचरा प्रबंधन, परिवेशीय वायु गुणवत्ता और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टीटीजेड क्षेत्र में प्रदूषण के कारणों की पहचान कर प्रभावी रोकथाम की जाए। केवल औद्योगिक गतिविधियों पर ही नहीं, बल्कि उद्योगों के अलावा प्रदूषण बढ़ाने वाले अन्य स्रोतों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक का महत्वपूर्ण निर्णय आगरा और मथुरा की 10 औद्योगिक इकाइयों को अनुमोदन प्रदान करना रहा। टीटीजेड क्षेत्र में इकाइयों की स्थापना और विस्तार से संबंधित नए आवेदनों पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा के बाद मंडलायुक्त ने सभी 10 आवेदनों को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया। स्वीकृत प्रस्तावों में जनपद आगरा की सात औद्योगिक इकाइयां और जनपद मथुरा की तीन इकाइयां शामिल हैं। प्रशासन का मानना है कि इन अनुमोदनों से दोनों जनपदों में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बैठक में टीटीजेड क्षेत्र की अन्य औद्योगिक इकाइयों के आवेदनों की भी स्क्रूटनी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र इकाइयों के प्रस्तावों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं, ताकि उन्हें भी नियमानुसार अनुमोदन दिया जा सके। बैठक में सेंट्रल इम्पावर्ड कमेटी के सदस्य अंजन कुमार मोहन्ती तथा नीरी (NEERI), क्षेत्रीय केंद्र दिल्ली के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल, जिलाधिकारी आगरा मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, वन संरक्षक आगरा अनिल कुमार पटेल, प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, आगरा एवं फिरोजाबाद के नगर आयुक्त, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के जिला वन अधिकारी (डीएफओ), उपायुक्त उद्योग तथा टीटीजेड सदस्य उमेश शर्मा एवं विजय गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











