आगरा। एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र में व्यवसायी के साथ मारपीट कर स्कूटी और चांदी स्क्रैप का माल लूटने वाले तीन बदमाशों के साथ देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई जिसके बाद वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने घायल दोनों बदमाश और उनके तीसरे साथी को गिरफ्तार कर लिया
छत्ता के पाय चौकी क्षेत्र निवासी मोहसिन शहर के चांदी कारोबारियों से स्क्रैप की चांदी खरीदते हैं। 25 दिसंबर को नुनिहाई चौकी क्षेत्र में वह फरान के साथ स्कूटर में चार लाख रुपये के करीब चांदी का स्क्रैप लेकर जा रहे थे। बुलेट और अपाचे बाइक पर आए लुटेरों ने पिटाई कर लूट की। स्कूटर और स्क्रैप लूट ले गए। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने घटना को गंभीरता से लिया और खुलासे के लिए लग गए। देर रात मुखबिर से उन्हें सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल बदमाश महताब बाग क्षेत्र में मौजूद हैं। इंस्पेक्टर फोर्स लेकर उन्हें पकड़ने के लिए पहुंच गए। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में अभियुक्त बबलू उर्फ बिल्ला यादव और नितिन चौहान के पैर में गोली लग गई। दोनों घायल अभियुक्तों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार किए गए तीसरे अभियुक्त की पहचान रंजीत प्रजापति के रूप में हुई। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा लूटा गया लगभग 35 किलोग्राम स्क्रैप का माल बरामद किया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि लूटा गया पूरा माल पुलिस ने बरामद किया है।










