आगरा। आगरा के कमला नगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के कक्षा नौ के दो छात्रों के रहस्यमय ढंग से लापता होने से परिवारों में हड़कंप मच गया है। दोनों छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद घर के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है और उनकी तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों छात्रों की आखिरी लोकेशन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिली है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि दोनों छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में जाने के उद्देश्य से ट्रेन से रवाना हुए हो सकते हैं।
लापता छात्रों की पहचान प्रथम गुप्ता पुत्र संजय गुप्ता, निवासी कर्मयोगी फव्वारा और अमोल गुप्ता पुत्र आकाश गुप्ता, निवासी हनुमान नगर, एत्मादद्दौला के रूप में हुई है। दोनों सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कक्षा नौ के छात्र हैं। गुरुवार दोपहर करीब 1:10 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों छात्र एक साथ स्कूल से निकले थे। जब दो घंटे बाद भी वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दोनों छात्र सुल्तानगंज पुलिया के पास एक साथ जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद तकनीकी जांच में उनकी आखिरी लोकेशन शाम करीब 3:20 बजे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिली। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस से भी संपर्क कर दोनों छात्रों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अमोल की मां मनोरमा ने बताया कि जब उन्होंने स्कूल के अन्य छात्रों से बातचीत की तो जानकारी मिली कि प्रथम ने अपने एक सहपाठी से फतेहाबाद में चल रही भागवत कथा में चलने के लिए कहा था। सहपाठी के मना करने के बाद दोनों छात्र वहां गए या नहीं, इसकी जानकारी लेने के लिए दोनों परिवार स्वयं फतेहाबाद स्थित कथा स्थल भी पहुंचे, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों को आशंका है कि दोनों छात्र किसी तरह दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। इस बीच जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से जुड़ी चर्चाओं के आधार पर यह संभावना भी सामने आई है कि वे वहां जाने का प्रयास कर रहे हों। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इस संबंध में कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है और जांच जारी है।










