आगरा। शाहगंज क्षेत्र में फायरिंग के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे दो शातिर आरोपियों सारिक और सैय्यद अनस अली को पुलिस ने अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया है।
12 जनवरी 2026 को दर्ज एक मुकदमे में फायरिंग का आरोप सामने आया था। विवेचना के दौरान सारिक और अनस अली के नाम प्रकाश में आए, जिसके बाद पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए लगी हुई थी। आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर मय दो जिंदा कारतूस, एक तमंचा .32 बोर मय एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी सैय्यद अनस अली का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वर्ष 2014 से 2026 तक उसके खिलाफ लगातार आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मुकदमे सामने आते रहे हैं। वहीं सारिक भी किसी से कम नहीं है। उसके खिलाफ भी लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय थे और क्षेत्र में दहशत का कारण बने हुए थे।











