आगरा। डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में कई ऐसे कॉलेज केंद्र बना दिए गए हैं, जहां सीसीटीवी कैमरे ही नहीं हैं। डीएलए ने कल इस बात का खुलासा किया था। खुलासे के बाद विश्वविद्यालय में खलबली मच गई। रिपोर्ट कैसे लीक हो गई है एक दूसरे से पूछा जाने लगा। हैरानी की बात यह है कि कार्रवाई करने की जगह चेतावनी पत्र जारी कर कार्रवाई की इतिश्री कर दी गई है।
बता दें कि हर बार की तरह इस बार भी केंद्र बनाने में आपाधापी हुई है। कॉलेज वालों ने अपनी सुविधा के हिसाब से केंद्र बनवाए हैं। जिस कॉलेज की सुविधा 60 किलोमीटर दूर किसी कॉलेज में मिल सकती है, उसने वही अपना केंद्र बनवा लिया है। आलम यह है कि कॉलेजों में कैमरे भी नहीं है। मंगलवार को हुई परीक्षा में 122 कॉलेजों में से 66 कॉलेजों में कैमरे नहीं चले थे। हैरानी की बात यह है कि 66 में से 33 ने लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी नहीं दिया। डीएलए द्वारा खबर प्रकाशित किये जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज वालों को चेतावनी पत्र जारी किया है। अभी भी उन्हें लॉगइन आईडी और पासवर्ड देने के लिए समय दिया गया है।











