आगरा। खंदौली के एक गांव में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। प्रेमी के साथ गांव में रहने पर भाई ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के द्वारा भाई की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
गांव तानगढ़ी निवासी फूल सिंह की बेटी सुधा के प्रेम संबंधों से स्वजन क्षुब्ध थे। शादी होने के बाद पहले तो वह अपनी ससुराल में नहीं रुकी। इसके बाद प्रेमी ख्यालीराम के साथ घर से चली गई। ख्यालीराम बेलदारी का काम करता था। खंदौली में जाकर रहने पर भी सुधा के भाई व पिता ने उसे सहन कर लिया। मगर, प्रेमी ख्यालीराम अपने घर में सुधा को रखने लगा। बस तभी से सुधा के भाई और पिता को वह अधिक खटकने लगी थी। गांव वालों ने इसका विरोध किया तो सुधा के भाई सत्यप्रकाश का गुस्सा और बढ़ गया, उसने सुधा और ख्यालीराम से गांव छोड़ कर जाने को कहा। मगर, वे इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद सोमवार रात को सुधा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी अपने बड़े भाई के साथ आगरा में हलवाई का काम करता है। डीसीपी सूरज राय ने बताया हत्यारोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।











