आगरा। लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार की लाभकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी विकसित भारत संकल्प यात्रा निकालेगी। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा महाजन भवन जयपुर हाउस में आयोजित बैठक के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा की कार्य योजना तैयार की गई।
बैठक में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा संबंधी कार्य योजना बनाई गई। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने बताया कि यात्रा में अपने-अपने इलाके के जन प्रतिनिधि भी रहेंगे। स्वास्थ्य शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम नुक्कड़ नाटक और सरकारी योजनाओं का पंजीकरण सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में विकसित भारत संकल्प यात्रा महानगर के हर क्षेत्र में पहुंचेगी। बैठक में यात्रा को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा हुई और पदाधिकारीयों को विकसित भारत संकल्प यात्रा के दायित्व भी निर्धारित किए गए। बैठक के बाद महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य केंद्र के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचना है। उन्होंने कहा देश और प्रदेश का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे इसके लिए योजनाओं को धरातल पर लाया जा रहा है। उन्होंने कहा यात्रा का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से हर एक व्यक्ति को जोड़ना है। अगर कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित रह गया है तो उन्हें योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित कराना है।
18 वार्डों के 53 स्थानों पर पहुंचेगा विकास गारंटी वाहन
5 दिसंबर से 27 दिसंबर तक विकसित भारत संकल्प यात्रा भाजपा महानगर के सभी 18 मंडलों के 53 स्थानों पर विकास गारंटी वाहन पहुंचेगा। गारंटी रथ के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंच कर मोदी सरकार की 9 वर्ष की विकास योजनाओं का जिक्र करेंगे।











