आगरा। सोमवार सुबह आइएसबीटी से सवारियां लेकर निकली बस एत्मादपुर में डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कई सवारी घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।
सुबह लगभग नौ बजे आईएसबीटी से फोर्ट डिपो की बस को चालक अजय और परिचालक डूंगर सिंह बरेली लेकर जा रहे थे। बस में 15 सवारी थीं। सवारियों को कहना है कि टिकट को लेकर चालक और परिचालक में झगड़ा हो गया। इससे चालक का ध्यान बंट गया। बस डिवाइडर से टकरा गई और अनियंत्रित हो गई। बस में सवार दुर्गेश पत्नी आकाश निवासी आवास विकास कालोनी सिकंदरा घायल हो गई। दुर्गेश छह साल की बेटी वान्या के साथ बरेली जा रही थीं। हादसे के दौरान बस में चीख पुकार मच गई। सूचना पर एसीपी एत्मादपुर सौरभ सिंह और इंस्पेक्टर विजय विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंच गए।











