आगरा। शनिवार दोपहर डीसीपी सिटी कार्यालय पर एक महिला ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे बड़ी मुश्किल से रोका।
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया उसका पति से तलाक हो चुका है। वो एक निजी कंपनी में काम करती है। सितंबर 2022 में कंपनी ने उसे नौकरी से हटा दिया था। वह संजय प्लेस में अपनी सहेली के ऑफिस गई थी। वहां प्रवीण रावत से उसकी मुलाकात हुई। प्रवीण रावत ने खुद की ऊंची पहुंच का हवाला देकर मदद का आश्वासन दिया। कुछ दिनों के अंदर ही उसने पीड़िता की नौकरी वापस करवा दी। इसके बाद प्रवीण खुद को अविवाहित बता कर उससे लगातार बात करता रहा। आरोपित राजस्थान में खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कराने के बहाने उसे साथ ले गया और वहां होटल में उसे कोल्डड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने पर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद कई बार वीडियो फोटो को वायरल करने की धमकी देकर उसे अलग-अलग जगह ले जाकर उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने बताया की आरोपित प्रवीण रावत ने भावना रावत नामक महिला को अपनी भाभी बताकर मिलवाया। भावना के साथ उसका पुत्र भी था। आरोपित भावना के साथ उसे घुमाने ले गया। वहां भी उसके साथ संबंध बनाए। गर्भवती होने के बाद उसने गर्भपात का दबाव बनाया। पीड़ित महिला ने बताया कि जब वह गर्भपात को तैयार नहीं हुई तो आरोपित और भावना रावत ने बुलाया और मंदिर में शादी करवा दी। इसके बाद मिठाई खाने के बाद वह बेहोश हो गई। जब होश आया तो आरोपित अपने दोस्त के एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात करवा चुका था। इसके साक्ष्य इकट्ठा कर वो वहां से भाग आई।











