आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा कमिश्नरेट में जिस प्रकार की पुलिसिंग हो रही है वह आश्चर्यचकित करने वाली है। यहां छेड़छाड़ के आरोपी और गैंग छोड़ने तक के मामले तो सामने आए थे, लेकिन अब पुलिस के द्वारा जुआ भी लूटा जा रहा है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर शनिवार सुबह थानों में पुलिस ने ईमानदारी की शपथ ली थी। शपथ शाम तक नहीं चली। एत्मादुद्दौला थाने की ट्रांस यमुना चौकी क्षेत्र में पुलिस ने जुआ लूट लिया। अधिकारियों तक मामला पहुंचा तो देर रात 12 बजे चार पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं।
घटना शाम करीब सात बजे की है। एत्माउद्दौला थाना के ट्रांसयमुना फेस वन में अमित का मकान है। उसने हाल ही में कालोनी में अपना एक मकान बेचा है। उसे अच्छी रकम मिली थी। उसके घर जुए की सूचना इलाके में जुआ कराने वाले पचौरी गैंग ने परिचित पुलिस कर्मियों को दी। बताया गया कि फड़ पर ही पांच-सात लाख रुपये मिल जाएंगे। दो सिपाही बाइक से पहुंचे। बाइक को हेरीटेज स्कूल के पास खड़ा किया। मौके पर जो भी मिला उसे पकड़कर चौकी पर ले गए। कुछ देर बाद आरोपित चौकी से बाहर आ गए। चौकी के पास ही मुंशी नाम से चर्चित एक व्यक्ति ने मध्यस्थता कराई। इलाके में हल्ला मचा हुआ है। आरोपियों ने ही अपने परिचितों को बताया कि पुलिस ने फड़ पर मिली रकम तो रखी ही उसके बाद छोड़ने के लिए भी आर्थिक दंड लगाया। यह मामला देर रात अधिकारियों तक पहुंच गया। जुआ लूटने पर डीसीपी सिटी सूरज राय द्वारा चार पुलिसकर्मी निलंबित किये गए हैं। इनमें चौकी प्रभारी ट्रांस यमुना योगेश, उप निरीक्षक आशीष पुंडीर, कांस्टेबल विशाल राठी, कांस्टेबल कपिल कुमार शामिल हैं।











