आगरा। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीकानेर राजस्थान में आयोजित कार्यक्रम में आगरा रेल मंडल के ईदगाह सहित पांच रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस दौरान आगरा में सभी जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। वहीं इस कार्यक्रम में फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल ने मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी में रेलवे की जमीन पर कब्जा है लेकिन अधिकारियों द्वारा हटाया नहीं जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों को निकम्मा तक कहा।
अमृत भारत योजना के तहत एक साल पूर्व इन स्टेशनों का 40 करोड़ रुपये से कायाकल्प हुआ है। इसमें आगरा के दो स्टेशन ईदगाह, फतेहाबाद, मथुरा का गोवर्धन, राजस्थान के दो स्टेशन गोविंदगढ़ और मंडावर शामिल हैं। शुक्रवार को आगरा फोर्ट स्टेशन से यात्रा का शेड्यूल बदल गया है।
कोटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर 23 मई से 11 जून तक ईदगाह स्टेशन से चलेगी। अजमेर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस आगरा फोर्ट के बदले कैंट रेलवे स्टेशन तक 11 जून तक चलेगी। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों को दिक्कतों से बचाने के लिए संबंधित ट्रेनों का प्रचार प्रसार कराया जा रहा है। बेरावल-वाराणसी एक्सप्रेस, आगरा कैंट-वाराणसी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर-अजमेर एक्सप्रेस, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस, पटना-अहमदाबाद एक्सप्रेस के प्लेटफार्म में बदलाव किया गया है। यह ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर एक के बदले दो से होकर चलेंगी।
जोधपुर-वाराणसी एक्सप्रेस शुक्रवार से लेकर 11 जून तक आगरा फोर्ट के बदले ईदगाह में रुकेगी। इसी तरह से ब्रांदा-बरौनी एक्सप्रेस गुरुवार से लेकर 12 जून तक, अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस शुक्रवार से 11 जून तक रुकेंगी।











