आगरा। आज श्रावण मास के दूसरे सोमवार को अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष कलश में गंगाजल लेकर ताजमहल के पास पहुंच गईं। पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया।
अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर को पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद कर दिया था। इसके बावजूद वह सुबह 11 बजे कलश में गंगाजल लेकर कार्यकर्ताओं संग ताजमहल की ओर आ गईं। पुलिस ने उन्हें पुरानी मंडी चौराहे पर रोक दिया। पुलिस ने भारी फोर्स के साथ राठौर को वहीं रोककर स्थानीय भोलेनाथ मंदिर में गंगाजल अर्पित करवाया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में बहस भी हुई। मीरा राठौर ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन रोका गया और दबाव में गंगाजल को स्थानीय मंदिर में चढ़ाने को मजबूर किया गया। जब तक शरीर में दम है, तेजो महालय के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। हिंदू महासभा का कहना है कि ताजमहल वास्तव में एक प्राचीन शिव मंदिर तेजो महालय है, और वह हर साल श्रावण मास में कांवड़ जलाभिषेक और पूजा अर्चना करते हैं। इससे पहले भी मीरा राठौर ताजमहल पर भगवा झंडा, शिव प्रतिमा और गंगाजल चढ़ा चुकी हैं।











