आगरा। आगरा कमिश्नरेट पुलिस इन दिनों थर्ड डिग्री देने के लिए मशहूर हो गई है। अवैध हिरासत में रखकर जिसको चाहे उसे थर्ड डिग्री दे रही है। अधिकारियों से शिकायत करने पर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। इस बार फतेहपुर सीकरी पुलिस का आंख पर पट्टी बांधकर युवक को थर्ड डिग्री देने का मामला सामने आया है। युवक पर दबाव बनाया गया की मोटरसाइकिल चोर नहीं पकड़ा जा रहा है। इसलिए वह इस जुर्म को कबूल कर ले और जेल चला जाए। 36 घंटे युवक को अवैध हिरासत में रखा गया। क्या आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा या इस मामले में भी लीपापोती कर दी जाएगी। यह देखने वाली बात होगी।
गांव रसूलपुर की रहने वाली हर देवी ने शिकायत की है कि 21 दिसंबर को बिना नंबर की एक ब्रेजा गाड़ी आई जिसमें सवार लोगों ने उनके बेटे सोनेश के बारे में पूछा। उसका मोबाइल नंबर लेने के बाद वह चले गए। बेटे से बात करने के बाद उसे कहीं बुलाया और उसे जबरन उठाकर ले गए। इस मामले में अछनेरा थाने में गुमशुदगी भी दर्ज हुई है। पुलिस कमिश्नर के नाम से लिखे पत्र में हर देवी ने शिकायत की है कि बेटे को 36 घंटे अवैध हिरासत में रखा गया और उसे थर्ड डिग्री दी गई। उस पर एक मोटरसाइकिल चोरी को स्वीकारने का दबाव बनाया गया। अधिकारियों से शिकायत करने पर जेल भेजने की धमकी भी दी जा रही है, जिससे परिवार भयभीत है। इधर किरावली का मामला सुर्खियों में आने के बाद फतेहपुर सीकरी पुलिस न फंस जाए इस आशंका पर फतेहपुर सीकरी थाने के पुलिसकर्मी मामले में समझौता करने में लगे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि मुंह मांगी बोली देने की बात कही जा रही है। कैसे भी राजीनामा हो जाए। लेकिन सवाल यह है कि पुलिस कर्मियों ने जो कृत्य किया है क्या उसके लिए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
डीसीपी पर कमिश्नर हुए थे नाराज
किरावली मामले में राजू शर्मा को थर्ड डिग्री दिए जाने की बात जब पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के संज्ञान में आई थी तो उन्होंने शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने डीसीपी अतुल शर्मा से मामले में जानकारी की तो डीसीपी ने बिना मौके पर जाए ही बता दिया सर सिर्फ उंगली में चोट है। दोनों पैर नहीं टूटे हैं। जबकि पुलिस कमिश्नर के पास दोनों पैर में फ्रैक्चर होने के फोटो थे। इसके बाद पुलिस कमिश्नर नाराज हुए और मौके पर जाने के लिए कहा। इधर मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने से ब्राह्मण समाज में आकोश है। वह बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहा है।











