आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा आज ‘विश्व कैंसर दिवस’ के अवसर पर जन-जागरूकता के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस वर्ष के अभियान को अपनी विशिष्टता के साथ एकजुट की भावना के साथ मनाया गया, जिसका उद्देश्य कैंसर के खिलाफ लड़ाई में हर व्यक्ति के अलग और विशेष योगदान को एक साथ लाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ ओपीडी परिसर में एक प्रभावशाली ‘नुक्कड़ नाटक’ के मंचन से हुआ। नर्सिंग के छात्र, छात्राओं ने नाटक के जरिए यह संदेश दिया कि कैंसर की चुनौती हर मरीज के लिए ‘यूनिक’ (विशिष्ट) हो सकती है, लेकिन हमारा सामूहिक प्रयास एक है। नाटक के पश्चात ओपीडी परिसर से सर्जिकल ब्लॉक तक एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें कैंसर के लक्षणों और बचाव के प्रति पोस्टर और नारों के जरिए लोगों को सतर्क किया गया।विभागाध्यक्ष डॉ. सुरभि गुप्ता ने कहा कि आज चार फरवरी को हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि कैंसर के खिलाफ हमारी आवाजें भले ही अलग हों, पर हमारा लक्ष्य एक है। ‘United by Unique’ थीम हमें सिखाती है कि हर मरीज की परिस्थितियां अलग होती हैं, लेकिन जब हम एकजुट होकर प्रयास करते हैं, तो इलाज की पहुंच हर किसी तक आसान हो जाती है। जल्दी पहचान ही इस जंग को जीतने का एकमात्र तरीका है।” प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए समाज के हर तबके का एकजुट होना अनिवार्य है। हमें मरीजों के प्रति संवेदनशीलता दिखानी होगी और इस बीमारी से जुड़े सामाजिक कलंक को खत्म करना होगा।











