आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आगरा आए थे। यहां उन्होंने यूपी में पुलिस की हालत खराब होने की बात कही । इसके साथ ही मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री इतने पढ़े लिखे हैं कि ना जाने क्या-क्या कहते हैं ।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार शाम को एक होटल में एक प्रोफेसर की बेटी के शादी समारोह में पहुंचे थे। पत्रकारों के द्वारा बजट पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने अमेरिका के साथ जो डील की है उससे लगता है कि हमने पूरा बाजार ही अमेरिका को दे दिया है। उन्होंने कहा कि बजट के आंकड़े देखें तो पता चलेगा कि आगरा के जूता उद्योग ने अपने लिए राहत मांगते मांगते जूते तक घिस दिए लेकिन कुछ नहीं मिला। यमुना सफाई का जो सपना दिखाया था उसके लिए भी बजट में कोई व्यवस्था नहीं की। यमुना जैसी थी वैसी ही है। आगरा वह शहर है जो टूरिज्म के माध्यम से इकोनॉमी को ट्रिलियन में पहुंचा दे। फिर भी इसकी उपेक्षा की जा रही है। आगरा का नाम स्मार्ट सिटी में भी आता है लेकिन अभी जहां से मैं गुजरा वहां सड़कें उखड़ी हैं। नाले खुले पड़े हैं चारों तरफ गंदगी है। पूरा शहर जाम है। लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भू माफिया को जन्म दिया है। विकास प्राधिकरण में कुछ ही लोगों की मदद की जा रही है। कुछ लोग बड़े कारोबारी बन जाएं भाजपा यही चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राइमरी एजुकेशन का बजट 80000 करोड़ और सेकेंडरी का बजट 22000 करोड रुपए है। दोनों विभागों का मिलाकर बजट 1 लाख करोड़ है। लेकिन 10 साल में एजुकेशन बर्बाद कर दी। शिक्षा विभाग को अच्छा चलाया गया होता तो स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम नहीं चलाने पड़ते।











