आगरा। आज से एत्माउद्दौला थाना नए स्वरूप में नजर आएगा। मुख्य द्वार से लेकर मिशन शक्ति केंद्र, दफ्तर, बैरक तक चमचमाते हुए नजर आएंगे। पुलिस कमिश्नर के द्वारा फीता काटकर नवीनीकरण हुए थाने का उद्घाटन किया गया।
आगरा कमिश्नरेट में थाने और चौकियों का लगातार नवीनीकरण किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार का इस पर बड़ा जोर है। इसी क्रम में एत्माउद्दौला थाने का स्वरूप बदला गया है। अभी तक यहां सालों पुराना एक लोहे का गेट लगा हुआ था जो जंग खा चुका था। दफ्तर और अन्य कक्ष की दीवारों से सीमेंट झड़ रहा था। सालों से पुताई तक नहीं हुई थी। खाली पड़ी जगह पर झाड़ियां खड़ी हुई थी। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने थाने की सूरत बदलने का संकल्प लिया और यह संकल्प शुक्रवार को पूरा भी कर दिया। पुराने जंग खाए गेट की जगह भव्य द्वार बनवाया गया, जो की आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके साथ ही इंस्पेक्टर कक्ष, मालखाना, दफ्तर, मिशन शक्ति केंद्र, बैरक आदि भी देखने लायक बनवा दिए गए। पुलिसकर्मी ड्यूटी के बाद तनाव मुक्त रहने के लिए मनोरंजन भी कर सकें, इसके लिए बैरक में टीवी भी लगवाई गई है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के द्वारा इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना की गई। उन्होंने थाने का निरीक्षण भी किया। इस दौरान विवेचना निस्तारण, जनसुनवाई संबंधी जानकारी भी ली। उन्होंने रजिस्टर नंबर 8 भी देखा। मेस में जाकर भी देखा की साफ सफाई रहती है या नहीं। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों से पूछा जो उन्हें खाना मिलता है उसकी क्वालिटी कैसी होती है। कोई कमी नहीं मिलने पर वह खुश नजर आए। इस दौरान प्रभारी डीसीपी सिटी आदित्य कुमार, एसीपी शेषमणि उपाध्याय, प्रशिक्षु आईपीएस अभय राजेंद्र डागा आदि उपस्थित रहे।











