आगरा। भीषण गर्मी और मौसम विभाग की हीट वेव चेतावनी को देखते हुए आगरा प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों को मंगलवार 19 मई को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक चन्द्रशेखर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नर्सरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
यह आदेश जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर जारी किया गया है। आदेश के दायरे में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न बोर्डों से मान्यता प्राप्त सभी माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है। जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जिले में हीट वेव और अत्यधिक तापमान की चेतावनी जारी की गई है। अगले 24 घंटों में गंभीर गर्म हवाएं चलने और तापमान में अत्यधिक वृद्धि की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। सोमवार शाम प्रशासन की ओर से नागरिकों के मोबाइल फोन पर भी अलर्ट संदेश भेजा गया, जिसमें जनपद में “हीट वेव/गंभीर हीट वेव” की संभावना जताई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक चन्द्रशेखर ने सभी स्कूल संचालकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेश की अवहेलना की गई तो संबंधित प्रधानाचार्य या प्रबंधक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और पर्याप्त पानी तथा सावधानी बरतें।











