आगरा। बसई जगनेर थाने के इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह भाटी पर आरोप है कि उन्होंने दुराचार के दो आरोपित 15 दिन तक अपने थाने में रखे। हैरानी की बात यह है कि एक वीडियो जो वायरल हो रहा है उसमें इंस्पेक्टर खुद ही यह बात बोल रहे हैं। वह बोल रहे हैं उन्होंने युवकों को पंद्रह दिन थाने में रखा। कोई नहीं रख सकता। हवालात में भी बंद नहीं किया। खाना भी खाने को दिया। सेटल करने का पूरा मौका दिया। आरोपित तेज निकले। कोर्ट में शिकायत कर दी। हालांकि डीएलए वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है मार्च 2026 को बसई जगनेर थाने में दुष्कर्म का एक मुकदमा लिखा गया। इसमें राहुल, रवि और हरेश नाम के युवक को आरोपित किया गया। राहुल को मुख्य आरोपित दर्शाया गया। इस मामले में बसई जगनेर पुलिस ने राहुल और रवि को जेल भेजा था। विवेचना के दौरान हरेश का नाम निकाल दिया गया। इसी मामले में पुलिस के आला अधिकारियों से शिकायत की गई है। आरोप है कि राहुल और रवि को पंद्रह दिन तक अवैध हिरासत में थाने में रखा गया। पुलिस आरोपियों को जेल नहीं भेज रही थी। पंद्रह दिन से आरोपित थाने में अवैध हिरासत में थे। रवि के परिजनों की ओर से कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने रवि और राहुल को जेल भेजा। दोनों आरोपित हाल ही जमानत पर बाहर आए हैं। मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। बिना वीडियो शिकायत की जाती तो कोई इस पर ध्यान नहीं देता। वायरल वीडियो ने मामले को ज्यादा गंभीर बना दिया है। हालांकि वीडियो में पैसों को लेकर कोई बातचीत नहीं है। पंद्रह दिन थाने में आराम से रखने की बातचीत जरूर है। वीडियो में यह भी जिक्र है कि रवि तेज बना नहीं तो उसका भी नाम निकल जाता। शिकायत करने वाले पक्ष का कहना है कि कोर्ट में प्रार्थनापत्र न देते तो दोनों युवकों को जेल ही नहीं भेजा जाता। उनका आरोप है कि थाने में अवैध हिरासत में रखकर लेन-देन की बात चल रही थी। रकम इतनी ज्यादा थी कि वे दे नहीं सकते थे। वहीं इंस्पेक्टर बसई जगनेर धर्मेंद्र सिंह भाटी का कहना है कि वीडियो एआई से बनाया गया है। अधिकारियों के द्वारा मामले की जांच कराने की बात कही जा रही है। अब देखा जाएगा इस मामले में भी लीपापोती हो जाएगी या कार्रवाई होगी।











