आगरा। सावन मास के दूसरे सोमवार पर सोमवार तड़के से ही आगरा के शिवालय बम भोले, हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से गूंज रहे हैं। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। उधर, बल्केश्वर महादेव मंदिर पर लगने वाले प्रसिद्ध लक्खी मेले में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों शिवभक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाएं की हैं।
सावन के दूसरे सोमवार पर आगरा की प्राचीन शिवभक्ति परंपरा का सबसे बड़ा आकर्षण शहर के चारों कोनों पर स्थित प्रमुख शिवालयों की परिक्रमा रही। रविवार शाम से ही शिवभक्तों ने इस धार्मिक यात्रा की शुरुआत कर दी थी। श्रद्धालु शहर के चारों दिशाओं में स्थित राजेश्वर महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव और कैलाश महादेव, श्रीमनःकामेश्वरनाथ, रावली महादेव, वनखंडी समेत अन्य प्रमुख शिवालयों में दर्शन-पूजन करते हुए बल्केश्वर महादेव पहुंचे। रातभर शिवभक्तों की यह परिक्रमा जारी रही और सोमवार तड़के बल्केश्वर महादेव पहुंचकर जलाभिषेक के साथ श्रद्धालुओं ने अपनी धार्मिक यात्रा पूरी की। आगरा में चार प्रमुख शिवालयों की परिक्रमा की परंपरा विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है। रविवार शाम से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त अपने-अपने क्षेत्रों से निकल पड़े। शहर के चारों ओर स्थित शिवालयों में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं का रुख बल्केश्वर महादेव की ओर रहा। शिवभक्तों की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस ने रविवार शाम करीब चार बजे से ही शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करना शुरू कर दिया था। कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद की गई, ताकि पैदल परिक्रमा करने वाले शिवभक्तों को परेशानी न हो और भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।










