आगरा। ‘पुष्पा’ फिल्म में अभिनेता अल्लू अर्जुन ने ‘पुष्पराज’ नाम से किरदार निभाया है। फिल्म में उनका एक डायलॉग बहुत मशहूर हुआ है पुष्पाराज झुकेगा नहीं साला। यह डायलॉग आगरा कमिश्नरेट में एक थाने के दरोगा पर सटीक बैठता दिखाई दे रहा है। थाने का स्टाफ भी यही बोल रहा है दरोगा झुक नहीं रहा है। थानाध्यक्ष को दरोगा का जय हिंद नहीं करना सुर्खियों में छाया हुआ है। दरोगा के जय हिंद नहीं करने से थानाध्यक्ष परेशान हैं। परेशान भी क्यों ना हों थाने में उनकी किरकिरी जो हो रही है। भला जूनियर उनसे जय हिंद क्यों नहीं करेगा? अब बात मान सम्मान और प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर आ गई है तो थानाध्यक्ष ने भी ठान लिया है जय हिंद तो कराकर ही दम लिया जाएगा। उधर दरोगा ने भी ठान लिया है कि जय हिंद तो नहीं करेगा। उसने थानाध्यक्ष पर सिफारिश में फोन कराना भी शुरू करा दिया है।
एक थानाध्यक्ष को पहली बार ही चार्ज मिला है। थानाध्यक्ष की बात करें तो सीधे लोगों में ही उनकी गिनती होती है। बताया जा रहा है ड्यूटी को लेकर थाने के एक दरोगा से उनकी कहासुनी हो गई थी। दरोगा का कहना था कि उनकी ही ज्यादा ड्यूटी लगाई जाती है। कहासुनी इस कदर बदल गई कि दरोगा ने नाराज होकर थानाध्यक्ष को जय हिंद करना ही बंद कर दिया है। रोजाना जैसे ही दरोगा थाने में आता है थानाध्यक्ष की इस बात पर ही निगाह रहती है कि वह जय हिंद करेगा या नहीं, लेकिन दरोगा जय हिंद नहीं करता। इस बात को लेकर थानाध्यक्ष नाराज हैं। थाने का स्टाफ भी यही बोल रहा है दरोगा जय हिंद कर ले तो क्या बात है, लेकिन दरोगा ने अपने तेवर दिखा दिए हैं वह जय हिंद नहीं करेगा। थानाध्यक्ष ने भी जय हिंद करने के लिए कहा तो दरोगा ने जय हिंद तो नहीं किया अपना रुतबा दिखाने के लिए एक मंत्री के पीएसओ से फोन करा दिया। पीएसओ ने कहा दरोगा जी हमारे खासम खास हैं। अच्छे आदमी हैं। देख लीजिए। इसके बाद थानाध्यक्ष ने थाने में कहा मेरे पास नेताओं के यहां से फोन आ रहा है, लेकिन जय हिंद तो करनी पड़ेगी। इसके बाद दरोगा ने एक एसीपी से फोन करा दिया है। एसीपी ने भी दरोगा की प्रशंसा की। कहा दरोगा जी अच्छे हैं। एसीपी का फोन आने के बाद थानाध्यक्ष ने कहा अब एसीपी का फोन आ गया है, लेकिन जय हिंद तो फिर भी करनी पड़ेगी। अब पूरा थाना यही निगाहें गढ़ाए बैठा है कि दरोगा जी जय हिंद करेंगे या नहीं। कुछ पुलिस कर्मी तो चुटकी लेते हुए यह भी बोल रहे हैं कि दरोगा पुष्पराज बन गया है, वह बोल रहा है झुकेगा नहीं…।










