आगरा। शहरी क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से टॉरेंट पावर द्वारा शुक्रवार को प्रिंस वाटिका, टुंडपुरा, देवरी रोड पर ग्राहक सेवा महाशिविर—मेगा संवाद का आयोजन किया गया। मेगा संवाद में टॉरेंट पावर के उच्च अधिकारी एवं संबंधित विभागों की टीमें उपस्थित रहीं, जिन्होंने उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं को सीधे सुना और यथासंभव मौके पर ही उनके समाधान की कार्रवाई की।
मेगा संवाद में कुल 548 उपभोक्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें सर्वाधिक 370 मामले बिजली बिल एवं किस्तों से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त 97 मामले विद्युत चोरी से संबंधित, जबकि 91 मामले नए विद्युत कनेक्शन से संबंधित रहे। उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा एवं सोलर कनेक्शन से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई तथा नए कनेक्शनों के लिए रजिस्ट्रेशन भी किए गए। मेगा संवाद के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा कुल ₹9,08,985 की धनराशि जमा की गई तथा 175 रसीदें जारी की गईं। टॉरेंट पावर के अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान कंपनी की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आने वाले समय में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के ग्राहक सेवा महाशिविर एवं मेगा संवाद आयोजित किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च अधिकारियों के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिल सके और उनका यथासंभव शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। टॉरेंट पावर की ओर से उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे विद्युत बिल, नए कनेक्शन, सौर ऊर्जा सहित बिजली से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए ऐसे शिविरों में पहुंचकर सीधे अधिकारियों से संपर्क करें।










