आगरा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर देश भर में प्रदर्शन चल रहा है। सोमवार को उनके विजय नगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उनके घर पर कालिख पोत दी और गद्दार लिख दिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा के जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में करीब 11 बजे प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आवास के गेट पर कालिख पोत दी और काले पेंट से ‘ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं’ लिख दिया। इसके बाद कुछ देर तक नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद नहीं था। प्रदर्शनकारी कुछ देर नारेबाजी करने के बाद वहां से चले गए। उनके जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गेट पर पोती गई कालिख व लिखे गए शब्दों को साफ कराया। पुलिस अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे फोटो और वीडियो के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान करने में जुटी है।










