आगरा। फुटवियर उद्योग में इस्तेमाल हो रही नई तकनीक, आधुनिक मशीनरी और कंपोनेंट्स को समझने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने ‘मीट एट आगरा’ का भ्रमण किया। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में उन्होंने स्टॉल-दर-स्टॉल पहुंचकर एग्जिबिटर्स से तकनीक और उत्पादों की जानकारी ली। साथ ही चाइना पवेलियन में चीन से आए एग्जिबिटर्स से संवाद कर उनकी मशीनरी, मटेरियल्स और फुटवियर कंपोनेंट्स के बारे में जानकारी हासिल की। जिलाधिकारी ने आयोजन की सराहना करते हुए फुटवियर उद्योग के विकास के लिए प्रशासन और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सुबह 10 बजे फेयर शुरू होने के साथ ही आगरा ट्रेड सेंटर में विजिटर्स और फुटवियर उद्योग से जुड़े उद्यमियों, कारोबारियों एवं प्रोफेशनल्स की आवाजाही शुरू हो गई। दिनभर विभिन्न स्टॉल्स पर नई तकनीक, आधुनिक मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स और मटेरियल्स को जानने के साथ कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा होती रही। इसी दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल आगरा ट्रेड सेंटर पहुंचे। एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, फेयर ऑर्गेनाइजिंग कमेटी की चेयरपर्सन माला खेड़ा, पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल और महासचिव प्रदीप वासन सहित एफमेक पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल का विस्तृत भ्रमण किया और अलग-अलग एग्जिबिटर्स के स्टॉल्स पर पहुंचकर प्रदर्शित उत्पादों, फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स, मशीनरी और नई तकनीकों की जानकारी ली। एग्जिबिटर्स से बातचीत में उन्होंने तकनीक की उपयोगिता, उत्पादन प्रक्रिया और फुटवियर उद्योग में उसके इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने विशेष रूप से चाइना पवेलियन का दौरा किया और चीन से आए एग्जिबिटर्स से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने उनके द्वारा प्रदर्शित मशीनरी, मटेरियल्स और फुटवियर कंपोनेंट्स के बारे में जानकारी ली। भारतीय और विदेशी कंपनियों की भागीदारी तथा एक ही मंच पर नई तकनीकों और कारोबारी अवसरों को उपलब्ध कराने के प्रयास की उन्होंने सराहना की।











